नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
बोकारो। सुनने और पढ़ने में थोड़ा अटपटा तो आप सब को जरूर लग रहा होगा, लेकिन एक हद तक यही सत्य है। जुलाई माह में बोकारो बार परिसर सावन की बरसात के मनभावन मौसम में भी राजनीतिक तपिश के कारण गरम रहेगा। कारण भी तगड़ा है – ” बार में चुनाव जो होने वाला है “। बोकारो बार में आज विधिवत चुनाव की घोषणा हो गई। इलेक्शन कमिटी ने विधिवत आज यह घोषित कर दिया कि बोकारो बार की नई कमिटी 04 अगस्त 2025 को शपथ ले लेगी। 02 अगस्त को वोटिंग और 03 अगस्त को मतपत्र की गिनती और और 04 को निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा। बोकारो बार के चुनाव प्रक्रिया के इलेक्शन कमिटी के रिटर्निग अधिकारी वरीय अधिवक्ता अशोक कुमार सिंह ( चौधरी ), कमिटी के सदस्य वरीय अधिवक्ता ए. के. राय और वरिष्ठ अधिवक्ता उमाकांत पाठक ने संयुक्त रूप से यह घोषणा की है कि 17 से लेकर 23 जुलाई तक नॉमिनेशन फार्म की बिक्री होगी। 20 से लेकर 24 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नॉमिनेशन कर सकेंगे। 25 जुलाई को नॉमिनेशन फार्म की स्कूटनी तो 26 जुलाई को नामांकन की वापसी की अंतिम तारीख है। उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन चुनाव समिति 27 जुलाई को कर देगी। फिर 02 अगस्त को #वोट और 03 अगस्त को वोटों की गिनती तथा 04 अगस्त को चुनाव परिणाम की घोषणा।
वैसे बोकारो बार परिसर आज कि इस घोषणा के कुछेक दिन पूर्व से ही चुनावी रंग में रंगने लगा था लेकिन आज से इस बार के अमूमन हर सदस्य 03 अगस्त तक अपने जीवन का अधिकांश समय इस कार्य में लगायेंगे। सो, यह कहना गलत नहीं होगा कि वकील, वकालत तो करेंगे, परन्तु पहले से थोड़ा कम क्योंकि बोकारो बार का अगला #नेता कौन होगा, यह तय करने का समय जो आ गया है।



