सिंगरौली
“नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान के तहत जिले के स्कूल-कॉलेजों में चलाया गया जनजागरूकता अभियान
विद्यार्थियों ने ली शपथ – “नशा नहीं करेंगे, न करने देगे”

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सिंगरौली । पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार संपूर्ण मध्यप्रदेश में चल रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी” विशेष जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 16 जुलाई 2025 को सिंगरौली जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों व शिक्षण संस्थानों में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
थाना विंध्यनगर के जयंत चौकी अंतर्गत डीएवी स्कूल दुद्धीचुआ में “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित। आज “नशे से दुरी है जरुरी” अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत डीएवी स्कूल दुद्धीचुआ में थाना विंध्यनगर एवं चौकी जयंत द्वारा एक प्रभावशाली नशा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रमुख जेमेफसी मनोरम तिवारी नें अपना उद्बोधन देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की एवं विद्यालय प्राचार्य अमिताभ श्रीवास्तव, टीआई विंध्यनगर, चौकी प्रभारी जयंत सहित थाना स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को टी-शर्ट, कैप एवं बैच वितरित कर नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए रील्स और शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिससे वे नशे के विरुद्ध जागरूक होकर समाज में सकारात्मक भूमिका निभा सकें। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन ने अपने उद्बोधन में नशीले पदार्थों के खिलाफ समाज में एकजुट होकर आवाज़ उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि “युवाओं की जागरूकता ही समाज की सच्ची सुरक्षा है।” अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों को नशा से सदैव दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
इन थानों में कार्यक्रम हुआ आयोजित
थाना माड़ा के संजय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय- छात्रों को नशे के शारीरिक व मानसिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। “नशा” नामक शॉर्ट फिल्म दिखाई गई और सामूहिक शपथ दिलाई गई। थाना देवसर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जियावन – एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी व विद्यालय प्राचार्य की उपस्थिति में 100 से अधिक छात्राओं को जागरूक किया गया। नशे के सामाजिक प्रभाव और परिवार पर पड़ने वाले असर को बताया गया। थाना मोरवा के केंद्रीय विद्यालय – नशा मुक्ति विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें विद्यार्थियों ने विचार साझा किए और नशा मुक्त समाज की शपथ ली। थाना गढ़वा के शासकीय हाईस्कूल मौहरिया – बालकों को सरल भाषा में नशे से जुड़ी चेतावनियाँ दी गईं, तत्पश्चात उत्साहपूर्वक शपथ ग्रहण हुआ। थाना सरई के सरई महाविद्यालय -कॉलेज में “नशे से आज़ादी” विषय पर प्रबोधन व नशा मुक्त भारत की दिशा में प्रेरणादायक सत्र हुआ। सभी छात्रों ने सामूहिक शपथ ली।थाना बैढ़न के डिग्री कॉलेज बैढ़न के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। थाना बैढ़न से उपनिरीक्षक रूपा अग्निहोत्री, सउनि अनुज सिंह, आरक्षक अभिमन्यु उपाध्याय ने सक्रिय भागीदारी दी।
नशे से होने वाले खतरनाक दुष्परिणाम – छात्रों को दी गई जानकारी
मस्तिष्क पर प्रभाव – याददाश्त कमजोर, सोचने-समझने की क्षमता घटती है। दिल और लीवर पर असर – हृदयघात और लीवर सिरोसिस का खतरा। फेफड़ों की बीमारी – स्मोकिंग से सांस लेने में तकलीफ, कैंसर। यौन क्षमता में गिरावट – युवाओं में कमजोरी और नपुंसकता। त्वचा और रूप बिगाड़ना – समय से पहले झुर्रियाँ, बेजान चेहरा। परिवार और समाज को हानि – रिश्ते टूटते हैं, अपराध बढ़ता है
साथ ही शपथ दिलाई गई
“मैं शपथ लेता हूँ कि मैं नशा नहीं करूंगा और न किसी को करने दूंगा। मैं अपने परिवार, समाज और देश को नशा मुक्त बनाने में पूरा योगदान दूंगा। मैं सभी प्रकार के मादक पदार्थों से दूर रहकर एक स्वस्थ, जागरूक नागरिक बनूंगा और इस संदेश को औरों तक पहुँचाऊंगा।” सिंगरौली पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक मजबूत प्रयास है। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और शपथ ने इस अभियान को नई ऊर्जा दी है।




