बेतुल

बैतूल कोई बच्चा अकेला दिखे या किसी यात्री की गतिविधि संदिग्ध लगे तो तत्काल पुलिस को दे सूचना  

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों को किया जा रहा सतर्क

मानव तस्करी के खिलाफ जिले में चल रहा जन जागरूकता अभियान
प्रदीपन संस्था ने अब तक 30 बच्चों को तस्करी से बचाया 
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। बाल तस्करी जैसे गंभीर अपराध के विरुद्ध जिले में जागरूकता बढ़ाने के लिए आरपीएफ पुलिस एवं प्रदीपन संस्था के संयुक्त तत्वावधान में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2025 तक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रदीपन संस्था की डायरेक्टर श्रीमती रेखा गुजरे ने बताया कि अभियान के तहत संस्था के कार्यकर्ता बैतूल रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों में सक्रिय हैं और ऐसे बच्चों की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं जिन्हें ज्यादा पैसे, नौकरी या बेहतर जीवन का लालच देकर बहकाया जा रहा है। ऐसे मामलों में शामिल एजेंटों को चिन्हित करने का कार्य आरपीएफ के सहयोग से किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों को सतर्क किया जा रहा है कि यदि कोई बच्चा अकेला दिखे या किसी यात्री की गतिविधि संदिग्ध लगे, तो निडर होकर चाइल्ड हेल्पलाइन- 1098 या पुलिस हेल्पलाइन-100 पर तत्काल सूचना दें। संस्था द्वारा बसों व ट्रेनों में पोस्टर और पाम्पलेट के माध्यम से कानून और बचाव संबंधी अपीलें की जा रही हैं। साथ ही गांवों और स्कूलों में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्रीमती गुजरे ने बताया कि आदिवासी और ग्रामीण अंचलों से गरीबी व बेरोजगारी के चलते कई बच्चों को एजेंट बहला-फुसलाकर हैदराबाद, बंगलौर, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान जैसे बड़े शहरों में ले जाते हैं, जहां उनका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण होता है। संस्था के प्रयासों से अब तक 30 बच्चों को बाल तस्करी से बचाया जा चुका है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button