बरेली
ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर ठगों ने लगाया 13 लाख का चूना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। होटल को रेटिंग देने और निवेश पर मोटे मुनाफे का सपना दिखा कर नटवरलाल ने एक युवक को 13 लाख रुपये का चूना लगा दिया। इतना ही नहीं ठगों ने युवक की पत्नी के खातों से भी रुपये ट्रांसफर करा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीबीगंज थाना क्षेत्र के स्लीपर रोड निवासी अभिषेक रायजादा ने बताया कि 16 फरवरी को उनको अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज आया। इसमें मैसेज करने वाले ने खुद को अवन्ति सेना और अपनी कंपनी का नाम ब्रांडमार्क बताया। आरोप है कि टेलीग्राम पर एक लिंक भेजकर होटल रेटिंग का काम ऑफर किया। इसके बदले 40 से 80 रुपये प्रति टास्क देने को कहा। अगले दिन अभिषेक को एक लिंक पर रजिस्ट्रेशन करवाया गया और बताया गया कि टास्क पूरा करने पर मोटा मुनाफा होगा। शुरू में कम निवेश पर लाभ दिखाया गया और फिर लगातार बड़ी रकम जमा कराने को कहा गया। बीच में टास्क अधूरा छोड़ने पर रुपये डूबने की चेतावनी भी दी गई। आरोप है कि ठगी का दायरा बढ़ता गया कुल मिलाकर करीब 12 लाख 87 हजार 378 रुपये आरोपियों को दिए गए।



