मथुरा
अगर कॉरिडोर का निर्माण हुआ तो करूंगी तांडव : हिमांगी सखी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में प्रस्तावित बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर और न्यास गठन को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन में किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर हिमांगी सखी शामिल हुईं। उन्होंने साफ कहा कि अगर सरकार ने कॉरिडोर का निर्माण किया तो वे तांडव करेंगी। हिमांगी सखी ने कहा कि सरकार वृंदावन में मंदिर के आसपास तोड़फोड़ कर कॉरिडोर बनाना चाहती है, लेकिन ज्ञानवापी मस्जिद और मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि इन स्थानों पर हिंदुओं को पूजा करने की अनुमति क्यों नहीं है, जबकि मुस्लिम समाज को वहां नमाज पढ़ने की अनुमति है। उन्होंने यह भी कहा कि वे सावन के अंतिम सोमवार को वाराणसी स्थित ज्ञानवापी परिसर में मौजूद शिवलिंग पर जलाभिषेक करना चाहती हैं। अगर प्रशासन ने रोका तो वे वहां भी तांडव करेंगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी महिलाएं मौजूद थीं, जिनमें नीलम गोस्वामी, श्यामा गोस्वामी, मनीषा गोस्वामी, सुनीता गोस्वामी, अनुराधा गोस्वामी और अन्य शामिल रहीं।



