राष्ट्रीय वर्कशॉप ने व्यावसायिक शिक्षा के एकीकरण को दिया बढ़ावा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। युवाओं के लिए स्कूली शिक्षा को व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़ने और बिना किसी रुकावट के लर्निंग पाथवे तैयार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत कौशल भवन नई दिल्ली में “राज्य/संघ शासित प्रदेशों के शिक्षा बोर्डों को एनसीवीईटी के अंतर्गत डुअल कैटेगरी अवार्डिंग बॉडीज के रूप में शामिल करने पर एक राष्ट्रीय वर्कशॉप का आयोजन किया गया।
वर्कशॉप को संबोधित करते हुए रजित पुन्हानी (सचिव, कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय) ने कहा: जैसे-जैसे हम एनसीवीईटी की पहचान को और ऊँचाई तक ले जा रहे हैं, हमारा उद्देश्य केवल इसकी पहुँच का विस्तार करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि यह स्किलिंग ईकोसिस्टम में गुणवत्ता और ईमानदारी का मानक बने। वर्कशॉप में कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) की अतिरिक्त सचिव सोनल मिश्रा, स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग की संयुक्त सचिव प्राची पांडेय तथा राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण परिषद की कार्यकारी सदस्य डॉ. विनीता अग्रवाल और डॉ. नीना पाहुजा की गरिमामय उपस्थिति रही।
150 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया
वर्कशॉप का आयोजन स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग (डीओएसईएंडएल), शिक्षा मंत्रालय, कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) तथा राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीईटी) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। यह वर्कशॉप राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप औपचारिक शिक्षा प्रणाली के साथ व्यावसायिक शिक्षा के एकीकरण की संपूर्ण सरकार दृष्टिकोण का हिस्सा है। इस अवसर पर 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षा बोर्डों के वरिष्ठ अधिकारियों सहित 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।



