काको मोड़ के समीप मिला बुजुर्ग का शव, समाजसेवी दिलीप दाशौंधी ने कराया अंतिम संस्कार
The body of an elderly man was found near Kako Mod, social worker Dilip Dashondhi performed the last rites
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। शुक्रवार सुबह कतरास थाना क्षेत्र अन्तर्गत काको मोड़ के समीप एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान महेश्वर गोस्वामी के रूप में हुई, जो आसपास के इलाकों में भीख मांगकर जीवन यापन करते थे और अकेले ही रहते थे। सूचना मिलने पर कतरास पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बुजुर्ग व्यक्ति बेसहारा और असहाय अवस्था में जीवन गुजार रहे थे। कतरास थाना प्रभारी के निर्देश पर भटमुरना के समाजसेवी दिलीप दाशौंधी ने अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उठाई। दिलीप दाशौंधी ने पूरी विधिपूर्वक अंतिम संस्कार संपन्न कराया। इस कार्य में काको निवासी नरसिंह गोस्वामी और उनके पुत्र ने भी सहयोग करते हुए मानवता की मिसाल पेश की। गौरतलब है कि समाजसेवी दिलीप दाशौंधी इससे पूर्व भी सैकड़ों लावारिस शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कर चुके हैं। उनका यह कार्य क्षेत्र में सराहना का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने इस नेक कार्य के लिए दिलीप दाशौंधी और सहयोगियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज को नई दिशा देने वाले हैं।



