अमरोहा
अमरोहा में कार ने साइकिल सवार दंपति को टक्कर मारी
पत्नी की मौके पर मौत, गंभीर घायल पति हायर सेंटर रेफर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : हसनपुर में गजरौला मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि पति को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया। मछरई गांव के रहने वाले गुड्डू और उनकी पत्नी भागवती (50) नगर से भतीजे की पत्नी को निजी अस्पताल में देखकर नई साइकिल खरीदकर घर लौट रहे थे। दीपपुर गेट के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। राहगीरों ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने भागवती को मृत घोषित कर दिया। गुड्डू को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मृतका के पांच बेटे हैं। ग्रामीणों ने हादसे के बाद भाग रहे वाहन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतका के परिजनों ने कार चालक को सामने लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक कार चालक सामने नहीं आएगा, पोस्टमॉर्टम नहीं कराएंगे। कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




