अमरोहा
दूसरे सोमवार पर बृजघाट में लाखों कांवड़िए आने का अनुमान
अमरोहा प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : सावन के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बृजघाट में इस सोमवार लाखों कांवड़ियों के आने की संभावना है। डीएम निधि गुप्ता और एसपी अमित कुमार आनंद ने शनिवार को बृजघाट का दौरा किया।
उन्होंने गजरौला क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित कांवड़ मार्ग का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। यात्रा मार्गों पर सुगम यातायात के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है।
पुलिस ने बनाए चेक पोस्ट
मेडिकल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ड्रोन से रियल टाइम निगरानी की जा रही है। पुलिस चेक पोस्ट बनाए गए हैं। यातायात डायवर्जन की व्यवस्था भी की गई है। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने और आपस में समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए हैं।



