सिंगरौली
नवजीवन विहार में फुटपाथ पर अतिक्रमण लगातार बढ़ता संकट
इंद्रा चौक से दुबे बटन स्टोर तक का क्षेत्र प्रभावित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नवजीवन विहार स्थित 24 मीटर मुख्यमार्ग पर इंद्रा चौक से लेकर दुबे बटन स्टोर तक फुटपाथों पर लगातार बढ़ता अतिक्रमण अब एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है। सड़कों के किनारे बने फुटपाथ, जो पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए बनाए गए थे, अब ठेला, दुकानों का सामान और अवैध निर्माण से घिरते जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस अतिक्रमण के कारण न केवल पैदल चलना मुश्किल हो गया है, बल्कि यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सड़क पर चलने की मजबूरी होती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। नगर निगम और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे अतिक्रमणकारियों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों से लगातार शिकायतों के बावजूद इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द ही सख्त कार्रवाई कर फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराए और आमजन को सुरक्षित व सुविधाजनक मार्ग प्रदान करे।




