अमरोहा

हसनपुर: आसमान में उड़ते ड्रोन से दहशत में ग्रामीण, पुलिस की अफवाह ,थ्योरी l 

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो

हसनपुर सर्किल क्षेत्र में इन दिनों  आसमान में मंडराते, रहस्यमय, ड्रोनों ने लोगों की नींद और सुकून दोनों छीन लिया है l चोरी और लूटपाट के नए खौफनाक तरीके से दहशत में आए लोग अपनी और अपने घरों की हिफाजत के लिए रात-रात भर जगा कर पहरा दे रहे हैं l यह सिर्फ एक खबर नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में पसरे अनदेखे डर और बढ़ती असुरक्षा की एक भयावह दास्तान है l

ग्रामीण क्षेत्रों में तो आलम यह है की दर्जनों गांवो में लोग खुद को संगठित कर टोलियों में रात भर गस्त कर रहे हैं l उनके चेहरों पर साफ दिख रही है वह चिंता जो रात के अंधेरे में उड़ती रहस्यमयी परछाईयों से पैदा हुई है l कनेटा, आगपुर, चंदनपुर, करनपुर माफी, ढवारसी और सोहन्त जैसे गांवो के लोगों का तो स्पष्ट कहना है कि उनके आसमान में ड्रोन नहीं बल्कि शातिर चोर गिरोह के आंख और कान उड़ रहे हैं l लोगों का तर्क है कि ये ड्रोन दिन में गांवों का रेकी करते हैं और रात में देखते हैं कि कौन जाग रहा है किसके घर छत पर लोग सो रहे हैं ताकि चोरी को अंजाम देने का सबसे मुफीद वक्त तलाशा जा सके l यह सिर्फ आरोप नहीं बल्कि लोगों के प्रत्यक्ष अनुभव और डर की गहराई को दर्शाता है l अंधेरे आसमान में चमकती ड्रोन की रोशनी अब शरीफ ग्रामीण इलाकों तक सीमित नहीं रही l हसनपुर शहर के मुहल्ला होली वाला रहरा रोड और चामुंडा रोड जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रो से भी रात के समय ड्रोन उड़ने की खबरें आ रही है जिससे शहरी लोगों में भी एक अजीबोगरीब बेचैनी पैदा कर दी है l लोग सोशल मीडिया पर धड़ाधड़ इन घटनाओं को साझा कर रहे हैं l एक दूसरे को सतर्क कर रहे हैं लेकिन इसके साथ ही अफवाहो का बाजार भी गर्म हो गया है l दिलचस्प और चिंताजनक बात यह है कि जहां एक और आमजन इस अज्ञात हवाई खतरे से जूझ रहा है वह स्थानीय पुलिस इसे महज एक अफवाह करार देकर पल्ला झाड़ रही है l पुलिस का यह रवैया लोगों के गुस्से और हताशा को और बढ़ा रहा है l सवाल यह है उठना है कि क्या यह सचमुच सिर्फ एक अफवाह है या पुलिस प्रशासन इस नए तरह के अपराध को समझने और उससे निपटने में नाकाम साबित हो रहा है l जब तक इन ड्रोनों का रहस्य सुलझ नहीं जाता और चोरों के इस नए हथकंडे पर लगाम नहीं लगती तब तक हसनपुर के आसमान में दहशत का यह साया मंडराता रहेगा और लोगों को अपनी रातों का त्याग कर पहरा देना पड़ेगा l
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button