अमरोहा
अमरोहा में महिला को बेहोश कर लाखों की चोरी
मटीपुरा में गृहस्वामिनी से भिड़े चोर, पुलिस कर रही जांच

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : रहरा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। बांसका खुर्द गांव में बुधवार रात चोरों ने एक महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर लाखों की चोरी की। घटना ड्राइवर शाहआलम के घर में हुई। वह उस समय मुरादाबाद गए हुए थे।
घर में मौजूद शाहआलम की पत्नी नसीमा और मां खुर्शैदी सो रही थीं। चोरों ने नसीमा को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। फिर घर से सोने के कुंडल, चांदी की पायल, दस्त बंद, हाथ फूल, कानों की बालियां, झुमकी और सोने की अंगूठी चुरा ली। सुबह नसीमा को होश आया तो घर का सामान बिखरा हुआ था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना मटीपुरा गांव में हुई। यहां नरेंद्र के घर में दो चोर दीवार फांदकर घुस आए। आहट सुनकर नरेंद्र और उनकी पत्नी सोमलता की नींद खुल गई।चोरों का विरोध करने पर दोनों पक्षों में हाथापाई हुई। सोमलता के शोर मचाने पर चोरों ने उनके हाथ में चोट मारी और दीवार कूदकर भाग गए। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुटी है।



