
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। कस्बे की खेड़की रोड से मोहम्मद उमर मस्जिद को जाने वाली सड़क पिछले पांच महीनों से अधूरी हालत में पड़ी है। ग्राम पंचायत ने पुरानी ईंटें उखाड़कर मिट्टी भराव और दोनों किनारों पर नाली निर्माण तो करा दिया, लेकिन इसके बाद आरसीसी सड़क डालने का कार्य शुरू नहीं हुआ। अधूरी सड़क के कारण मोहल्लेवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है।
चौसाना कस्बे के खेड़की रोड से मोहम्मद उमर मस्जिद को जाने वाली सड़क पर स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले यहां खंडजा सड़क बनी हुई थी, जिससे आवाजाही सुचारू रहती थी। बरसात में जलभराव और कीचड़ की समस्या के चलते पंचायत ने निर्माण कार्य शुरू कराया, लेकिन अब मिट्टी डालकर काम अधर में छोड़ दिया गया है। पांच महीने से सड़क कच्ची पड़ी है, जिससे पैदल चलने वालों और दोपहिया चालकों को दिक्कत हो रही है।
इसरार, अब्दुल कादिर, सबीर, नदीम, इमरान, उमर, समीर, इजहार, यासिन, राफा, क्यूम, मुरसलीन, भूरा, महफूब, अय्यूब समेत कई ग्रामीण अधूरी सड़क पर एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उखाड़ी गई ईंटों को भी हटा लिया गया, लेकिन नई सड़क बनाने की कोई ठोस पहल नहीं हुई। बच्चों और बुजुर्गों को खासतौर पर परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से शीघ्र आरसीसी सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।
ग्राम पंचायत सचिव राहुल कुमार ने बताया कि सड़क पर पहले अत्यधिक कीचड़ था, इसलिए मिट्टी भराव कर आधार तैयार किया गया है। आरसीसी सड़क डालने से पहले मिट्टी का बैठना आवश्यक होता है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।


