खैरथल
विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए मास्टर ट्रेनर्स का आमुखीकरण प्रशिक्षण आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा । जिला कलेक्टर कार्यालय के सभागार में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संदर्भ में एक दिवसीय जिला स्तरीय एवं विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स की आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। इस प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर किशोर कुमार के उद्बोधन से हुआ। जिला कलेक्टर ने उपस्थित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि यह विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं विस्तृत प्रक्रिया है, जिसकी सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण में दिए जा रहे दिशा-निर्देशों को कितनी गंभीरता से आत्मसात करते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षणों में BLO (बीएलओ) के प्रश्नों व शंकाओं का समाधान सटीकता से किया जाना चाहिए। कार्यशाला तीन सत्रों में संपन्न हुई, जिसमें विशेष पुनरीक्षण से संबंधित प्रक्रियाएं, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी एवं कार्यक्रम के विभिन्न चरणों की संभावित तिथियों की विस्तार से जानकारी दी गई।



