झुंझुनू
विद्याधर नगर डिपो ने किशोरपुरा गांव के लिए शुरू की नई रोड़वेज बस ग्रामीणों में छाई खुशी की लहर
जयपुर से चलकर आई रोड़वेज के किशोरपुरा आगमन पर सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीणों ने किया चालक और परिचालक का फूल माला पहनाकर मिठाई खिलाकर स्वागत

परिवहन निगम के उच्चधिकारियों से ग्रामीणों ने की गुढागौड़जी से दिल्ली के लिए बंद रोड़वेज बस को पुन: शुरू करने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
झुंझुनूं चंवरा। विद्याधर नगर डिपो जयपुर द्वारा किशोरपुरा के ग्रामीणों की मांग पर जयपुर से किशोरपुरा के लिए गुरुवार को नई रोड़वेज बस सेवा शुरू की है। विद्याधर नगर डिपो जयपुर की रोड़वेज बस के किशोरपुरा आगमन पर सरपंच मोहनलाल सैनी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने चालक जगदीश शेरावत और परिचालक प्रदीप सिंह चौहान का फूल माला पहनाकर मिठाई खिलाकर स्वागत किया। वही ग्रामीणों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाई। डिपो मैनेजर पवन तिवाड़ी ने बताया कि यह बस प्रतिदिन विद्याधर नगर डिपो जयपुर से सुबह 10:15 बजे रवाना होकर चोमू, अजीतगढ़, थोई, कांवट, चला, गुहाला, ताल, मावता, जहाज, मणकसास, खोह, गुड़ा, पोंख, चंवरा चौफूल्या होते हुए दोपहर 2:15 बजे किशोरपुरा पहुंचेगी। वापसी में यह बस किशोरपुरा से दोपहर 3:15 बजे रवाना होकर इसी रुट से होते हुए शाम 7:15 बजे जयपुर पहुंचेगी। जयपुर से 8:15 बजे रवाना होकर रात्रि 10:15 बजे बाबा श्याम की नगरी खाटू पहुंचेगी। रात्रि विश्राम के बाद प्रातः 5:45 बजे खाटू से रवाना होकर सुबह 7:45 बजे जयपुर पहुंचेगी और जयपुर से 10:15 बजे किशोरपुरा के लिए रवाना होगी। किशोरपुरा से जयपुर का किराया 140 रुपए रहेगा। वही महिलाओं, सीनियर सिटीजन और पात्र व्यक्तियों को किराए में छूट मिलेगी। सरपंच मोहनलाल सैनी, पंकज मीणा किशोरपुरा और राजेश खटाणा ने बताया कि हमारे गांव के देवेंद्र सिंह शेखावत उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा के पीए हैं। उन्ही के प्रयासों से हमारे गांव को जयपुर से सीधा जोड़ने के लिए के रोड़वेज की तीन बसों की सौगात मिली है। सरपंच सैनी और ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा, उपमुख्यमंत्री के पीए देवेंद्र सिंह शेखावत किशोरपुरा और विद्याधर नगर डिपो मैनेजर पवन तिवाड़ी का आभार जताया। ग्रामीणों ने बताया कि पहले गुढागौड़जी से प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे रवाना होकर चंवरा चौफूल्या, नीमकाथाना होते हुए दिल्ली के लिए सीधी रोड़वेज बस जाती थी और दिल्ली से रवाना होकर इसी रूट से वापस रात्रि को गुढ़ागौड़जी आती थी जिसे कोरोना काल के दौरान बंद कर दिया गया था जिसे आज तक चालू नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने परिवहन निगम के उच्चधिकारियों से गुढा से दिल्ली के लिए जाने वाली बस को पुनः शुरू करने की मांग की है। सरपंच मोहनलाल सैनी ने बताया कि उक्त बस के लिए शीघ्र ही एक प्रतिनिधि मंडल उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा से मिलकर समस्या से अवगत करवाएंगे। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह शेखावत, सुधीर कुमार मीणा, अध्यापक विनोद कुमार, राजेश खटाणा, दिलीप सिंह शेखावत, विकास मीणा, बजरंग सिंह शेखावत, जय किशन मेघवाल, दिलीप कुमार सैनी, चौथमल शर्मा, श्रीराम कुमावत, देवेंद्र सिंह शेखावत, पंकज मीणा, बाबूलाल मेघवाल, नवीन कुमावत, लालचंद कुमावत, निवास गुर्जर, छोटू राम गुर्जर, सुमित कुमावत सहित कई लोग मौजूद रहे।




