केसरागढ़ में अवैध खनन पर सांसद प्रतिनिधि का फूटा आक्रोश, शव बरामदगी को लेकर प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
MP representative expressed anger over illegal mining in Kesaragarh, accused the administration of negligence regarding recovery of dead body

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। गिरिडीह लोकसभा के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी के सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी ने खानूडीह पंचायत स्थित एक आवास में प्रेस वार्ता कर केसरागढ़ में चल रहे अवैध कोयला खनन से जुड़ी घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जलसमाधि लेने वाले मजदूरों के शवों की खोज में एनडीआरएफ और रेस्क्यू टीम को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रवानी ने कहा कि पिछले दो दिनों से खुदाई का कार्य चल रहा है, लेकिन अब तक सुरंग का मुहाना भी नहीं खोजा जा सका है। उन्होंने प्रशासन पर रेस्क्यू ऑपरेशन को जानबूझकर धीमा करने का आरोप लगाया और कहा कि जेसीबी के बजाय पॉपलेन मशीन का उपयोग न किए जाने से खुदाई कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे एनडीआरएफ टीम को शव बरामदगी में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी इस मामले को लेकर बेहद गंभीर हैं और यदि आवश्यकता पड़ी तो पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए राष्ट्रपति और न्यायालय तक भी जायेंगे। रवानी ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी रेस्क्यू ऑपरेशन में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई दे रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आजसू पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी। मौके पर दर्जनों सांसद समर्थक मौजूद थे।



