बरेली

35 गांवों की बदलेगी तस्वीर, सड़क-पार्किंग, पार्क और ग्रीन बेल्ट होगी विकसित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : विकास प्राधिकरण (बीडीए) की सीमा में शामिल किए गए 35 गांवों की तस्वीर बदलने की तैयारी है। इन गांवों में सड़क, पार्किंग, कॉमर्शियल हब के साथ पार्क व ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। विकास के इन कामों को कराने से पहले निजी एजेंसियां सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करेंगी। इसके बाद महायोजना-2031 में इन गांवों के विकास का खाका खींचा जाएगा। विकास कार्य होने से करीब सवा लाख की आबादी को लाभ होगा। बीडीए की सीमा में 16 साल बाद जून 2024 में विस्तार हुआ था। इसमें सदर तहसील के पांच, आंवला के 14 और फरीदपुर के 16 गांव बीडीए की सीमा में शामिल हुए थे। इससे पूर्व 1977 में बीडीए के अस्तित्व में आने पर 19 अप्रैल, 1977 को 198, इसके बाद 23 मई 2008 को 66 गांव सम्मिलित कर बीडीए ने अपनी सीमा का विस्तार किया था। अब इसमें 35 गांव शामिल किए गए हैं, जिसके बाद बीडीए क्षेत्र में गांवों की संख्या 299 हो गई है। अधिकारियों के मुताबिक, अब इन 35 गांवों में विकास का खाका खींचा जा रहा है। इसके लिए बीडीए ने पूरे क्षेत्र को छह जोन में बांटा है, जिसके तहत जोनल प्लान तैयार किया जा रहा है। बीडीए सीटीपी अजय कुमार सिंह के मुताबिक, कई नामी निजी एजेंसियां संपर्क में हैं। विकास कार्यों के लिए अनुभवी सर्वे एजेंसियों की ही मदद ली जाएगी। लगभग चार से पांच टीमों को सर्वे में लगाया जाएगा।
बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए. ने बताया कि महायोजना 2031 में शहर को विकसित करने के लिए जल्द जोनल प्लान पर काम होगा। बीडीए की सीमा में शामिल 35 नए गांवों की रूप रेखा बदली जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button