जागरूकता रथ, आदिवासी महोत्सव 2025 की भूमिका को जन-जन तक पहुंचाने का बनेगा माध्यम- राजीव लोचन बक्शी (विशेष सचिव सह- निदेशक, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग)
Awareness Rath will become a medium to spread the message of Tribal Festival 2025 to the people- Rajiv Lochan Bakshi (Special Secretary cum Director, Information and Public Relations Department)

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आगामी 9, 10 एवं 11 अगस्त 2025 को आयोजित होने वाले “आदिवासी महोत्सव 2025” को लेकर तैयारियां अपने चरम पर है ।इसी क्रम में महोत्सव से जुड़ी जानकारी, महत्व और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता रथ का शुभारम्भ किया गया। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता रथ इस आयोजन की भूमिका को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। राजीव लोचन बक्शी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के मार्गदर्शन में आदिवासी महोत्सव 2025 एक समावेशी और गौरवशाली आयोजन के रूप में उभरने जा रहा है। यह महोत्सव केवल सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं, बल्कि एक पहचान, एक संघर्ष, एक गर्व का उत्सव है, जिसमें पारंपरिक आदिवासी संस्कृति के साथ-साथ आधुनिकता का भी समावेश देखने को मिलेगा। आदिवासी महोत्सव 2025 के माध्यम से हम आदिवासी संस्कृति , अस्मिता, अधिकार और योगदान से रू ब रू हो सकेंगे । इस महोत्सव के माध्यम से राज्य और देश ही नहीं, बल्कि विश्वभर में फैले आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, लोककला, भाषा, वेशभूषा, और खान-पान को प्रदर्शित कर एक सशक्त सांस्कृतिक संवाद स्थापित करेंगे। राजधानी रांची के प्रमुख चौराहों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यह रथ घूमेगा। रथ पर पोस्टर, फ्लैक्स के माध्यम से आदिवासी कलाकृतियां, तथा सांस्कृतिक संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे,जिससे जनता को आदिवासी समुदाय की ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विशेषताओं से परिचित होने का अवसर मिले। रथ यात्रा के माध्यम से लोगों को महोत्सव की तारीख, स्थान, विशेष आकर्षण, आमंत्रित कलाकार, और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की जानकारी दी जायेगी। केवल रांची ही नहीं, राज्य के अन्य जिलों में भी यह जागरूकता रथ भ्रमण करेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन से जुड़ सके और इसकी गरिमा में वृद्धि हो। इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के उप निदेशक आनंद सहित विभाग के अन्य पदाधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।



