असम

विद्या भारती राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2025 में पूर्वोत्तर क्षेत्र का शानदार प्रदर्शन। 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

असम : कर्नाटक के हसन ज़िले के स्टेडियम में 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2025 तक आयोजित 36वीं विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की राष्ट्रीय खेल (एथलेटिक्स) प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर क्षेत्र की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान आकर्षित किया। इस प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर क्षेत्र की टीम ने कुल 6 पदक हासिल किए — जिनमें 2 स्वर्ण और 4 रजत पदक शामिल हैं। इससे शिशु शिक्षा समिति, असम सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। शिशु शिक्षा समिति, असम के प्रचार प्रमुख मुकुटेश्वर गोस्वामी ने गुवाहाटी स्थित जू रोड कार्यालय में मीडिया को बताया कि प्रतियोगिता में असम के विभिन्न निकेतनों से विद्यार्थी शामिल हुए थे। इनमें से डिब्रूगढ़ के सोंवारनी शंकरदेव विद्या निकेतन, चिरिंग चापरी के छात्र हिमांशु दास ने 200 मीटर दौड़ को 22.7 सेकंड और 400 मीटर दौड़ को 50.08 सेकंड में पूरा कर दो स्वर्ण पदक जीते। कृष्णाई के शंकरदेव शिशु निकेतन की छात्रा कुही राय ने 100 मीटर दौड़ में रजत पदक, पश्चिम धेमाजी के छात्र गौतम कुमार सैकिया ने लंबी कूद में रजत पदक, भीमपारा के शंकरदेव शिशु निकेतन की छात्रा अनीता चुक्रांग ने भी लंबी कूद में रजत पदक और मधुपुर के शिशु निकेतन की छात्रा बारलीना भरालि ने ऊँची कूद में रजत पदक हासिल किया। इसके अतिरिक्त पूर्वोत्तर क्षेत्र की टीम ने श्रेष्ठ अनुशासन पालन करने वाली टीम का सम्मान और प्रार्थना प्रतियोगिता में प्रथम स्थान भी प्राप्त किया, जिससे क्षेत्र की प्रतिष्ठा और बढ़ी। विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के संगठन सचिव डॉ. पवन तिवारी, सामान्य सचिव डॉ. जगदींद्र रायचौधरी, शिशु शिक्षा समिति असम के अध्यक्ष कुलेंद्र कुमार भागवती और महासचिव जगन्नाथ राजवंशी ने विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button