अमरोहा में ईंट-सरिये से पीटा, छत से जिंदा फेंका
पुरानी रंजिश में पड़ोसियों ने की हत्या; एक दिन पहले भी हुई थी मारपीट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसियों ने 22 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले युवक को बुरी तरह पीटा। सिर पर ईंट और सरिया से कई बार जोरदार प्रहार किए। इसके बाद जिंदा ही एक मंजिला मकान की छत से फेंक दिया। 2 फीट की ऊंचाई से गिरने से युवक का सिर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
युवक मजदूरी का काम करता था। उसकी भाभी के बयान पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। भाभी ने बताया कि एक दिन पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। पुलिस ने युवक और आरोपियों के खिलाफ 151 का चालान किया था।
गजरौला थाना क्षेत्र के मोहल्ला मायापुरी में कोशिंद (22) पुत्र सतपाल अपने परिवार के साथ रहता था। वह अविवाहिता था और दिहाड़ी मजदूरी करता था।
भाभी पुष्पा ने बताया- पड़ोसियों से कोशिंद का किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। रविवार को भी कोशिंद की उनसे लड़ाई हुई थी। पुलिस कोशिंद और दूसरे पक्ष के आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई थी। इसके बाद सभी का 151 में चालान करके छोड़ दिया था।
पुष्पा ने बताया- सोमवार को रात 8 बजे फिर से पड़ोसियों से कोशिंद की गाली-गलौज हुई। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। परिवार के बीच बचाव के बाद वह घर आ गया था। खाना खाने के बाद रात 10:30 बजे कोशिंद बिस्तर लेकर छत पर सोने चला गया।
इसी दौरान 4-5 की संख्या में आरोपी छत फांदकर आ गए और कोशिंद को लात-घूंसे से पीटने लगे। आरोपियों ने छत पर पड़े ईंट और सरिये से उसके सिर पर कई बार वार किए। जिससे कोशिंद लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर परिवार के बाकी लोग जब तक पहुंचते, आरोपियों ने कोशिंद को छत से जिंदा ही फेंक दिया।
छत से गिरने के बाद कोशिंद का सिर फट गया और मौके पर ही उसने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी पूरे परिवार को धमकाते हुए मौके से फरार हो गए। परिजनों ने डायल-112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी।
सीओ मौके पर पहुंची, बोलीं- जल्द होगी गिरफ्तारी
घटना की जानकारी मिलते ही CO धनौरा अंजलि कटारिया मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। सीओ ने बताया- पड़ोसी आरोपियों की पहचान हो गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है।



