बेतुल
बैतूल जाड़ीढाना में मानव तस्करी के विरुद्ध चला जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को दी गई कानूनी जानकारी
चिचोली ब्लॉक के ग्रामीणों को मानव तस्करी से बचाव की दी सीख, मजदूर हेल्पलाइन नंबर भी बताया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। ग्राम जाड़ीढाना, ग्राम पंचायत जोगली, ब्लॉक चिचोली में मानव तस्करी के विरुद्ध विश्व दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक पल्लवी टाकरकर के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों, विशेषकर मजदूर वर्ग को मानव तस्करी के प्रकार, इसके खतरों और इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मजदूरों को बताया कि अगर वे रोजगार की तलाश में पलायन कर रहे हैं, तो उन्हें उस व्यक्ति या ठेकेदार की पूरी जानकारी रखनी चाहिए जो उन्हें काम पर भेज रहा है। यह जानकारी उनके सुरक्षित और योजनाबद्ध पलायन के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में ग्रामीणों को 1800 120 1121 नंबर की मजदूर हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई, जिससे जरूरत के समय पर वे सहायता प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही उन्हें बताया गया कि आधार कार्ड, बैंक खाता, श्रमिक पंजीयन जैसे सभी जरूरी दस्तावेज यदि पूर्ण और अपडेटेड हों, तो इससे सरकार की योजनाओं का लाभ मिलता है, दुर्घटना की स्थिति में सरकारी सहायता भी मिल सकती है।
कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के प्रति हो रहे मानव दुर्व्यवहार और हिंसा पर विशेष चर्चा की गई। बताया गया कि कई बार ऐसे ही माध्यमों से मानव तस्करी को अंजाम दिया जाता है। इस कारण सतर्क और सजग रहना बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम में फील्ड कार्यकर्ता रामचंद्र चिल्हाटे और जयराम कासदे ने भी सक्रिय सहभागिता की और ग्रामीणों को विषय की गंभीरता समझाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।




