ड्रोन को लेकर पुलिस अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्यवाही
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किये जाने के बावजूद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ड्रोन द्वारा चोरी की घटनाओं की अफवाहें रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। इस पर अंकुश के लिए अब मेरठ पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है और सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि जो भी ड्रोन की अफवाह चल रही है उन सभी घटनाओं पर तत्काल पुलिस पहुंचकर जांच करे। पुलिस का कहना है कि अभी तक जिनते भी मामलों में ड्रोन की सूचना मिली है उनमें अभी तक किसी सूचना पर ड्रोन का होना नहीं पाया गया है, अफवाह ज्यादा है। साथ ही संभ्रांत नागरिकों (मोहल्ले/गांवों) के साथ पुलिस द्वारा मीटिंग की जा रही है व सचेत एवं जागरूक किया जा रहा है। रात्रि में पुलिस टीमें बनाकर गांव का भ्रमण किया जा रहा है साथ ही ड्रोन संचालकों को चिन्हित कर उनके रिकॉर्ड को थाने के ड्रोन रजिस्टर में अंकित किया जा रहा है एवं उन्हे बताया गया है कि पुलिस की जानकारी के बिना ड्रोन का संचालन ना करें। इसके अलावा जो भी सूचना पुलिस व 112 पर ड्रोन के संबंध में प्राप्त हो रही है उन पर तत्काल पुलिस पहुंच रही है। सभी नागरिकों से निवेदन है कि सोशल मीडिया पर या अपने माध्यम से किसी अफवाह का जरिया न बने, यदि आपको कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दे पुलिस उसमें जांच कर कार्यवाही करेगी। उल्लेखनीय है कि ड्रोन प्रकरण में दो दिन पूर्व ही प्रशासन द्वारा स्पष्टीकरण दिया गया है कि नदियों का सर्वेक्षण चल रहा है, इसके बावजूद अफवाहों पर विराम नहीं लग पा रहा है।


