गोड्डा
108 एंबुलेंस कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, स्वास्थ्य सेवा प्रभावित

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा : जिले में स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को बड़ा झटका लगा है। जिले में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े सभी कर्मचारी गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों ने जिला मुख्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।हड़ताली कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में समय पर वेतन भुगतान, पीएफ कटौती की पारदर्शिता, और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बहाली शामिल है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन कर रही समान फाउंडेशन मनमानी पर उतर आई है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने फाउंडेशन के खिलाफ नारेबाजी की और कई गंभीर आरोप लगाए। एंबुलेंस कर्मी मुकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि संस्था द्वारा पुराने कर्मियों को हटाकर पैसे लेकर नए लोगों को नौकरी दी जा रही है। “हम यह अन्याय नहीं सहेंगे। जब तक हमारी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, हम सेवा पर वापस नहीं लौटेंगे।प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो जिले की इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप हो जाएंगी। फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के लिए यह एक गंभीर चुनौती बन सकती है। खासकर ग्रामीण इलाकों में जहां 108 एंबुलेंस सेवा जीवन रेखा के रूप में काम करती है।



