मेरठ

एमआईईटी पब्लिक स्कूल में सीबीएसई जोन-1 शूटिंग प्रतियोगिता आज से शुरू

पहले दिन 286 प्रतिभागी लगाएंगे निशाना, आज 22 जिलों के 72 विद्यालयों की सहभागिता

मेरठ। मवाना रोड स्थित एमआईईटी पब्लिक स्कूल में सीबीएसई जोन-1 चार दिवसीय शूटिंग प्रतियोगिता का आज शुभारंभ होगा । प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न जिलों से खिलाड़ी एक दिन पहले दोपहर से ही स्कूल परिसर में पहुंचने लगे और उन्होंने अपना पंजीकरण कराया।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस कुल 286 प्रतिभागी भाग लेंगे, जिसमें अंडर-14 वर्ग में 100, अंडर-17 वर्ग में 124 तथा अंडर-19 वर्ग में 62 खिलाड़ी शामिल होंगे। सभी प्रतिभागी 10 मीटर एयर पिस्टल और एयर राइफल की बॉयज़ एवं गर्ल्स कैटेगरी में अपनी निशानेबाजी का प्रदर्शन करेंगे।

इस आयोजन में सीबीएसई के नोएडा और देहरादून रीजन के अंतर्गत आने वाले 72 विद्यालयों के खिलाड़ी पहले दिन पंजीकरण के लिए पहुंचे। ये विद्यालय मेरठ, मुज़फरनगर, सम्भल, रुद्रपुर (यूएस नगर), नोएडा (गौतम बुद्ध नगर), बहजोई, आगरा, देहरादून, बरेली, सहारनपुर, अमरोहा, बुलंदशहर, शामली, बागपत, गाज़ियाबाद, रामपुर, हापुड़, मोदीनगर, नैनीताल, बिजनौर, मैनपुरी तथा एटा सहित कुल 22 जिलों से संबंधित हैं।

प्रतियोगिता सचिव विजित चौधरी ने जानकारी दी कि यह आयोजन 10 मीटर एयर राइफल और एयर पिस्टल श्रेणियों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के मुकाबले हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि देहरादून रीजन के उत्तराखंड के 13 जिलों और नोएडा रीजन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों से कुल 252 विद्यालयों के खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर अब तक 1200 से अधिक प्रतिभागियों का पंजीकरण हो चुका है।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु विद्यालय परिसर में दो अत्याधुनिक शूटिंग रेंज स्थापित की गई हैं, जिनमें कुल 30 टारगेट लगाए गए हैं। डिजिटल स्विस स्कोरिंग सिस्टम के माध्यम से स्कोरिंग प्रक्रिया पूर्णतः स्वचालित एवं पारदर्शी है, जिससे प्रतियोगिता की निष्पक्षता सुनिश्चित हो रही है।

सीबीएसई द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक नरेश कुमार ने प्रतियोगिता स्थल का निरीक्षण करते हुए छात्रों के आवास, भोजन, शूटिंग रेंज एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने समस्त व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप पाया और संतोष व्यक्त किया।

शाम को प्रतियोगिता से जुड़ी सभी टीमों के कोचों एवं टीम मैनेजरों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रतियोगिता के समन्वित संचालन हेतु रणनीति बनाई गई। इस दौरान तकनीकी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई और सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, ताकि आयोजन निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न हो सके। इस अवसर पर चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, प्रिंसिपल रूपाली सहगल, वाइस प्रिंसिपल एकता सक्सेना, आयोजन सचिव विजित चौधरी, शूटिंग कोच आकाश और मीडिया प्रमुख अजय चौधरी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button