अमरोहा
गंदे पानी में बैठकर किया विरोध
अमरोहा में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सड़क की बदहाली पर जताया आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद की हसनपुर तहसील क्षेत्र के गंगेश्वरी ब्लॉक के गांव साथलपुर में गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (बी.आर. अंबेडकर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिग्विजय भाटी ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। वे एक विचार गोष्ठी में शामिल होने आए थे। मुख्य मार्ग पर जमा गंदे पानी में बैठकर उन्होंने सड़क की बदहाली का विरोध जताया।इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट है। वीडियो में डॉ. भाटी घुटनों तक पानी भरी सड़क पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। डॉ. भाटी ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों को इस तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। इस घटना ने स्थानीय लोगों का ध्यान खींचा है। प्रशासन पर दबाव भी बढ़ा है। गांव के लोगों ने भी इस विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया है। उनका कहना है कि वे लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं। वीडियो होने के बाद अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है।



