गोड्डा
पंचायत उन्नति सूचकांक को लेकर प्रखंड स्तरीय कार्यशाला आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा/मेहरमा : प्रखंड कार्यालय, मेहरमा के सभागार कक्ष में शनिवार को पंचायत उन्नति सूचकांक को लेकर एक प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव कुमार ने की। इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय के पदाधिकारी साहब लाल हांसदा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सह आपूर्ति पदाधिकारी अंबुज मुर्मू सहित प्रखंड क्षेत्र की सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पंचायतों के समग्र विकास व प्रदर्शन के मूल्यांकन से संबंधित पंचायत उन्नति सूचकांक के विभिन्न मापदंडों की जानकारी देना और पंचायत प्रतिनिधियों को इसके प्रति जागरूक करना था। अधिकारियों ने प्रतिनिधियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कार्यशाला के दौरान योजनाओं के डाटा संकलन, सामाजिक एवं भौतिक विकास के संकेतकों, डिजिटल माध्यम से निगरानी और पंचायतों की रैंकिंग प्रणाली पर भी चर्चा की गई।



