जामताड़ा

जामताड़ा में सावन महोत्सव की धूम विक्टर किंगडम डांस एकेडमी ने किया रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

Sawan festival celebrated in Jamtara, Victor Kingdom Dance Academy performed a colourful cultural programme

सिराज अंसारी

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा में इन दिनों सावन की फुहारों के साथ-साथ सांस्कृतिक उल्लास की बौछार भी देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में शनिवार को विक्टर किंगडम डांस एकेडमी द्वारा भव्य सावन महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने हिस्सा लिया। आयोजन स्थल पर उमड़ी भीड़ और प्रतिभागियों का उत्साह यह बताने के लिए काफी था कि सावन का यह आयोजन क्षेत्र के लोगों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों ने मंच पर नृत्य की ऐसी प्रस्तुतियाँ दीं कि दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से उन्हें प्रोत्साहित करते रहे। अंताक्षरी प्रतियोगिता ने दर्शकों और प्रतिभागियों दोनों को झूमने पर मजबूर कर दिया। बच्चों और महिलाओं ने पारंपरिक गीतों और नृत्य के माध्यम से सावन की मस्ती को जीवंत कर दिया। वही विक्टर किंगडम डांस एकेडमी के डायरेक्टर विजय कुमार सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि बच्चों और स्थानीय प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान किया जाए, जहाँ वे न केवल अपने हुनर को निखारें, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़ाव महसूस करें। हर साल की तरह इस बार भी सावन महोत्सव का आयोजन किया गया, और हमें गर्व है कि लोगों का उत्साह पहले से कहीं अधिक देखने को मिला। भविष्य में इसे और भव्य रूप देने की योजना है। महोत्सव में उपस्थित महिलाओं ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं सांस्कृतिक गीतों पर झूमती नजर आईं। कार्यक्रम में उपस्थित आशा गुप्ता, आभा आर्या समेत कई महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम होते हैं, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को भी मजबूती देते हैं। कार्यक्रम का संचालन बेहद व्यवस्थित तरीके से किया गया। बच्चों की प्रतिभा को देखने के लिए अभिभावकों की भी भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया। समापन के अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार वितरित किए गए। आयोजकों को लोगों ने खुले दिल से सराहा और भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों की अपेक्षा जताई। सावन महोत्सव न केवल एक रंगारंग आयोजन बनकर उभरा, बल्कि यह स्थानीय समाज को एकजुट करने और प्रतिभाओं को सामने लाने का एक सशक्त माध्यम भी साबित हुआ। ऐसे आयोजनों की निरंतरता से न केवल बच्चों और युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि जामताड़ा की सांस्कृतिक पहचान को भी एक नई दिशा मिलेगी। मौके पर आशा गुप्ता, आभा आर्य, अपर्णा भंडारी, कविता गुप्ता, निधि सिंह, अनुपमा कुमारी, खुशबू पाण्डे, नैना गुप्ता, निकिता नारायण, पीहू चटर्जी, नीलम कुमारी,बबली कुमारी,डिम्पल गुप्ता, बबली सिंह सहित काफी संख्या में महिला एवं बच्चे उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button