अमरोहा
अमरोहा में गंगा एक्सप्रेसवे का अंडरपास बना दलदल!
बारिश में डूब गया कई गांवों का रास्ता; राहगीर परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास में जलभराव से मंगरौला और दौलतपुर कलां गांवों का संपर्क टूट गया है। किसानों और छात्रों को भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास नीचा होने के कारण यह समस्या हो रही है। शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। मंगरौला से दौलतपुर कला को जा रहे मार्ग पर गंगा एक्सप्रेसवे पर बनाए गए अंडरपास में पानी भर रहा है। जिसकी वजह से दोनों गांवों का संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो रहा है। किसानों को प्रतिदिन इस अंडरपास से होकर गुजरना पड़ता है। एक दूसरे गांव में शिक्षा ग्रहण करने जाने वाले स्कूली बच्चे भी जल भराव से परेशान हैं।ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास बहुत नीचा बनाया गया है। थोड़ी बरसात होते ही यहां पानी भर जाता है। चारों तरफ से पानी के साथ मिट्टी आने से यहां एक-एक फिट कीचड़ हो रही है जिसमें दलदल की तरह लोग फंस रहे हैं।भाजपा के रुखालू मंडल के पूर्व अध्यक्ष रणवीर सिंह उर्फ रिंकू गुर्जर का कहना है कि गंगा एक्सप्रेसवे पर लगभग सभी जगह अंडरपास नीचे बना दिए गए हैं। जिसकी वजह से बरसात में पानी भरने से जनता परेशान है। गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कर रही सीएनडीएस कंपनी के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन, जल निकासी कराकर अंडर पास ठीक नहीं कराए गए हैं।लोगों का कहना है कि जल्द अंडरपास के नीचे जल भराव की समस्या दूर नहीं कराई गई तो आंदोलन किया जाएगा। शिकायत करने वालों में लोकेश कुमार, राजेंद्र सिंह, सुधीर शर्मा, सुरेंद्र लोहिया, धर्मेंद्र सिंह राजाराम सिंह, कुंवर पाल सिंह, सतवीर सिंह, जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। यूपीडा के अधिशासी अभियंता राकेश मोगा का कहना है कि अंडरपास के नीचे जल भराव की जानकारी नहीं है। जांच कराई जाएगी।



