अमरोहा
अवैध खनन से परेशान, अमरोहा के ग्रामीण
माफियाओं के खिलाफ प्रदर्शन, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया है। शाहपुर कला गांव के जंगल में लगातार हो रहे अवैध खनन से स्थानीय लोग परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन से गांव का मार्ग खराब हो गया है। इससे उन्हें दैनिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारी हरीश कुमार ने बताया कि खनन माफिया तेज गति से ट्रैक्टर-ट्राली लेकर गांव के बीच से गुजरते हैं। इससे हादसे का खतरा बना रहता है।
माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई
उन्होंने कहा कि विरोध करने पर ये माफिया मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी वे प्रशासन से इन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। प्रदर्शन में हरीश, बदलू, शगुर, रामवतार, हसनैन, अतर सिंह, चरन सिंह और नाजिम सहित कई ग्रामीण शामिल थे।



