बारिश में गिर रहे हैं कच्चे मकान , जलभराव की समस्या बढ़ी
खतरे के निशान से5.580मी नीचे पहुंचा गोमती नदी का जलस्तर

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
अमेठी। पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण नगर से गांव तक जलभराव की समस्या बढ़ी हुई है। सरवनपुर में तालाब की ज़मीन पर बड़े लोगों के आशियाने बनने के कारण नालियों के निर्माण के बाद भी जल भराव की समस्या दूर नहीं हुई है।
बारिश के कारण गांवों में साफ सफाई की व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। रास्तों में कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का आवागमन बाधित हो गया है।नगर अमेठी में एस डी एम कालोनी, रामलीला मैदान, पशु चिकित्सालय और कम्पोजिट विद्यालय परिसर में जलभराव बना हुआ है। कीचड़ और जलभराव के चलते मच्छरों की आमद बढ़ी हुई है। संक्रामक बीमारियों के फैलने के खतरे बढ़े हुए हैं।
अमेठी में 24घंटे के भीतर हुई 28मिमी बारिश
अमेठी। गुजरा सप्ताह जिले में वर्षा के मामले में काफी अच्छा रहा है। प्रतिदिन कम अधिक बारिश हुई है। पिछले चौबीस घंटे के भीतर जिले में 27.71मी बारिश रिकॉर्ड की गई है। अभी भी जनपद सामान्य बरसात की श्रेणी में नहीं आ पाया है। अब तक बारिश की मात्रा नार्मल बरसात के सापेक्ष लगभग 66फीसदी है।
रविवार को सुबह छः बजे से साढ़े दस बजे तक लगातार बारिश हुई है।ग्यारह बजे के बाद कुछ समय के लिए बारिश की बूंदें थमी ।थोड़ी देर बाद रिमझिम बारिश पुनः शुरू हो गई।
बारिश के कारण गोमती नदी और मालती नदी में पानी की मात्रा लगातार बढ़ रही है। गोमती नदी में जल स्तर खतरे के निशान से,5.580मी नीचे है।
बिजली गिरने से सरुवांवा में क्षतिग्रस्त हुआ मकान, रामनगर में कई घर गिरे
अमेठी। रविवार को मूसलाधार बारिश के दौरान सरुवांवा में बिजली गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हुआ है।
जंगल रामनगर में बारिश के कारण चार मकान गिरे हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बृजलाल वर्मा ने बारिश पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता प्रदान करने के लिए जरूरी कागजात राजस्व निरीक्षक के पास भेजे हैं।

