कोटद्वार पुलिस की दबिश में चोरी का माल बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बिजनौर। उत्तराखंड की पुलिस ने धामपुर क्षेत्र में दबिश देकर कोटद्वार में बीते दिनों एक बंद मकान में हुई चोरी की गुत्थी को सुलझा लिया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए कोटद्वार पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया है, साथ ही एक सुनार को हिरासत में लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटद्वार के एक मकान से बीते दिनों चोरों ने नकदी, चांदी की मूर्तियाँ, लैपटॉप व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। पीड़ित की तहरीर पर कोटद्वार थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में खुलासा किया कि चोरी का माल उसने धामपुर में एक सुनार को बेच दिया है।
आरोपी की निशानदेही पर शनिवार तड़के कोटद्वार पुलिस धामपुर पहुंची और स्थानीय कोतवाली में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद फल चौराहा स्थित एक सुनार की दुकान पर दबिश दी। पुलिस ने वहां से आरोपी को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर चोरी गई चांदी की मूर्ति, एक लैपटॉप तथा अन्य कीमती सामान भी बरामद किया।
बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी चोरी का माल खरीदने के मामलों में चर्चा में रह चुका है, और पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम पहले भी सामने आ चुका है। इस कार्रवाई के बाद धामपुर में सर्राफा व्यापारियों और आम लोगों में खलबली मच गई।
कार्रवाई के बाद कोटद्वार पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर बरामद माल के साथ वापस उत्तराखंड रवाना हो गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और संभावना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है।



