बाराबंकी
अयोध्या लखनऊ हाईवे पर बड़े वाहनों का आवागमन रहा बंद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। सावन के चौथे सोमवार पर रामनगर क्षेत्र स्थित श्री लोधेश्वर महादेवा मंदिर की ओर जाने वाले बाराबंकी-बहराइच और लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर रविवार से भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया। दोनों हाईवे पर केवल छोटे चार पहिया वाहनों को ही जाने की अनुमति दी गई।सोमवार को भीड़ बढ़ी तो बहराइच हाईवे पर छोटे वाहनों पर भी अस्थायी प्रतिबंध लगाया जा सकता है। इसलिए अगर बहराइच, बलरामपुर या गोंडा की ओर जा रहे हैं तो यात्रा से पहले रूट की जानकारी जरूर लें।सावन के हर सोमवार की तरह इस सोमवार के लिए भी पुलिस-प्रशासन ने विशेष यातायात डायवर्जन की योजना पहले से ही तैयार कर रखी है। रामनगर क्षेत्र में स्थित श्री लोधेश्वर महादेवा मंदिर में दर्शन के लिए दूर-दराज से आ रहे श्रद्धालु मुख्य रूप से बहराइच हाईवे का ही उपयोग कर रहे हैं, जिसे देखते हुए रविवार को ही बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर भारी वाहनों को रोक दिया गया।शहर के रामनगर तिराहे पर बैरिकेडिंग कर पुलिस ने भारी मालवाहक वाहनों को रोककर वापस भेजा। बसों को भी इस मार्ग से प्रतिबंधित कर दिया गया। वहीं, अयोध्या में सावन के अवसर पर लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर पहले से ही नौ अगस्त तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगी हुई है।यातायात प्रभारी रामजतन यादव ने बताया कि रविवार को दोनों हाईवे पर पूरे दिन भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद रही। यदि सोमवार को भीड़ और बढ़ी तो बहराइच हाईवे पर छोटे चार पहिया वाहनों की एंट्री भी बंद की जा सकती है। यह प्रतिबंध बहराइच से बाराबंकी की ओर आने वाले मार्ग पर भी प्रभावी रहेगा।बहराइच, बलरामपुर और गोंडा की ओर जाने वाले वाहनों को रेउसा और सीतापुर होते हुए भेजा जा रहा है।



