गोड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर गोड्डा में शोक की लहर
- डीसी सहित विभिन्न सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों, राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : पृथक झारखंड के अग्रदूत एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन के निधन पर आज जिले भर के सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों राजनीतिक कार्यालयों में शोक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय भवन में उपायुक्त श्रीमती अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सहित सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारियों ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर दो मिनट का मौन रखा। इस मौके पर उपायुक्त ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक न्याय और झारखंड की पहचान के लिए जो योगदान दिया वह सदैव स्मरणीय एवं प्रेरणा देता रहेगा। सूचना के मुताबिक सदर अनुमंडल कार्यालय प्रांगण में पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव सहित सभी कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर जहां श्रद्धांजलि अर्पित किया वहीं महागामा अनुमंडल कार्यालय परिसर में भी शोक की लहर देखी गई। मिली सूचना के मुताबिक जिले के विभिन्न प्रखंडों सहित जिले भर के विभिन्न थाना परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर शोक सभा का आयोजन कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई । उधर जिले के विभिन्न सामाजिक संगठन, शैक्षणिक संस्थान और विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा दो मिनट का मौन रखकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।



