बारिश में बहा पुल का वैकल्पिक मार्ग; सैकड़ों गांवों का संपर्क टूटा
लोग जान जोखिम में डालकर कर रहे पार

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
अमेठी। लगातार दो दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते तहसील क्षेत्र अंतर्गत जयरामपुर गांव के पास बने निर्माणाधीन पुल के वैकल्पिक मार्ग का पूरी तरह बह जाने से सैकड़ों गांवों का संपर्क मार्ग टूटा गया। इससे अमेठी-संग्रामपुर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। यह मार्ग संग्रामपुर ब्लॉक मुख्यालय को अमेठी जिला मुख्यालय से जोड़ता है।ऐसे में सैकड़ों गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है। स्थानीय निवासी जान जोखिम में डाल कर निर्माणाधीन पुल पर लगे सरिया के जाल के सहारे पार करते नजर आए। मार्ग बाधित होने से राहगीरों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों की तलाश करनी पड़ रही है।
जयरामपुर गांव निवासी अनिल पाण्डेय विनोद पाण्डेय राम करन तिवारी अनिकेत राम चन्द्र पाण्डेय आदि लोगों ने बताया कि अमेठी जाने का यही एकमात्र मार्ग था, जो अब पूरी तरह बाधित हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यदाई संस्था द्वारा पुल निर्माण कार्य में घोर लापरवाही बरती जा रही है। निर्माण कार्य में शिथिलता के चलते आज लोग परेशानियों का सामना कर रहे हैं। शुभम पाल, छोटे ठाकुर, सूरज वर्मा, दीपक पाल, संदीप वर्मा,, अमन आदि लोगों ने आवागमन बाधित होने पर कार्य दाईं संस्था के खिलाफ मौके पर पहुंचकर आक्रोश व्यक्त करते हुए विरोध दर्ज किया। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द मार्ग को दुरुस्त कर पुनः आवागमन शुरू कराने की मांग की है।
पीडब्ल्यूडी अवर अभियंता अमित पाठक ने बताया कि वैकल्पिक मार्ग को दरुस्त करने
का काम शुरू कर दिया गया है। जो कि रात्रि में सही करके आवागमन बहाल कर दिया जाएगा।

