गोड्डा

नेपाल की महिला से गोड्डा के युवक ने किया धोखाधड़ी, ठाकुरगंगटी थाना में मामला दर्ज

शादी का झांसा देकर किया शारीरिक शोषण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा/ठाकुरगंगटी : प्रखंड के माल मंडरो गांव में एक महिला के साथ धोखाधड़ी व शारीरिक शोषण का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। नेपाल के काठमांडू जिले के मायती देवी शहर की रहने वाली 31 वर्षीय पीड़िता ने ठाकुरगंगटी थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है। वहीं महिला के शिकायत पर पुलिस ने कांड संख्या 31/25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने आवेदन में बताया कि वर्ष 2016 में उसकी मुलाकात दिल्ली के नोएडा में माल मंडरो गांव निवासी अलख कुमार से हुई थी। युवती वहां ब्यूटीशियन का कार्य करती थी, जबकि अलख प्लेसमेंट एजेंसी में कार्यरत था। दोनों के बीच प्रेम संबंध गहरे हो गए और वर्ष 2017 में दिल्ली के एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया गया। शादी के बाद दोनों कुछ समय के लिए दुबई में भी साथ रहे और बाद में नेपाल स्थित पीड़िता के घर भी कई बार गये। वर्ष 2022 में अलख स्थायी रूप से अपने गांव माल मंडरो लौट आया। महिला का दावा है कि उसने अलख के लिए मोबाइल की दुकान खोलने हेतु आर्थिक मदद की, यहां तक कि 25 लाख रुपये भी दिये। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह दुर्गा पूजा और छठ जैसे अवसरों पर पति के घर आती-जाती रही और लंबे समय तक ससुराल में भी रही, लेकिन जून 2024 में अलख ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में दूसरी शादी कर ली। इसके बाद जब पीड़िता ने संपर्क करने की कोशिश की तो अलख का मोबाइल बंद मिला। अंततः हताश होकर महिला ठाकुरगंगटी थाना पहुंची और पति पर शारीरिक शोषण, धोखाधड़ी और जीवन से खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया। थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि महिला के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है, आरोपी की तलाश की जा रही है। चूंकि उसका मोबाइल बंद है, इसलिए उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button