गोड्डा
मेहरमा प्रखंड कार्यालय में दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण हेतु आवेदन शिविर आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेहरमा : प्रखंड कार्यालय, मेहरमा के प्रांगण में गुरुवार को एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के लिए आवेदन एकत्रित करना था। यह शिविर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह के सौजन्य से तथा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) के तकनीकी सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ की गई। शिविर में प्रखंड क्षेत्र के कोने-कोने से आए दिव्यांगजनों ने भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में दिव्यांगजन प्रातः से ही उपस्थित थे, जो इस योजना का लाभ उठाने हेतु पंजीकरण कराने आए थे। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य शारीरिक रूप से अक्षम व्यक्तियों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का संदेश:
ग्रामीण विकास मंत्र स्थानीय विधायक दीपिका पांडे सिंह ट्वीट कर लिखा है आज मेहरमा प्रखंड में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) के सहयोग से दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंगों के वितरण हेतु विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप के माध्यम से ज़रूरतमंद दिव्यांग व्यक्तियों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे जिससे वे अपने जीवन में आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक और क़दम बढ़ा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांगता जीवन की बाधा नहीं है, यदि हम उन्हें सही संसाधन एवं अवसर प्रदान करें, तो वे किसी भी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। सरकार की यह पहल उनका मनोबल बढ़ाने की दिशा में एक छोटा लेकिन ठोस कदम है।



