अमरोहा
अमरोहा में गंगा नदी उफान पर
टापू पर बसे गांव में दहशत, अमरोहा-बुलंदशहर पुल पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद की तहसील हसनपुर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से टापू पर बसे गंगानगर गांव के चारों ओर पानी पहुंच गया है। अभी तक पानी गांव के अंदर नहीं घुसा है, लेकिन लगातार बढ़ते जलस्तर से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।गंगानगर गांव गंगा टापू के बीच में बसा हुआ है। बुधवार रात से टापू के चारों ओर बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ रहा है। गंगा की तेज धार गंगानगर पुल की एप्रोच पर टक्कर मार रही है।खतरे को देखते हुए प्रशासन ने अमरोहा-बुलंदशहर को जोड़ने वाले गंगानगर पुल पर भारी वाहनों के प्रवेश को वर्जित कर दिया है। बाढ़ खंड ने पुल की एप्रोच को बचाने के लिए 30 से 35 हजार मिट्टी के कट्टे लगाए हैं।दो साल पहले भी गंगा की तेज धार ने पुल की एप्रोच को काट दिया था, जिससे कई महीने तक पुल बंद रहा था। वर्तमान में गंगा का जलस्तर बढ़कर तट बांध तक पहुंच चुका है।तट बांध से सटे गांवों में रहने वाले ग्रामीणों के सामने पशुओं के लिए चारा लाने की समस्या उत्पन्न हो गई है। कुछ स्थानों पर ग्रामीण चारपाई पर बैठकर पशुओं के लिए चारा काट रहे हैं।एसडीएम पुष्कर नाथ चौधरी ने बताया कि वे गंगा में बढ़ रहे जल के बारे में पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। अधिकारी और मजदूर रात-दिन स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं।




