अमरोहा
अमरोहा में बान नदी में पुल डूबा
नौगांवा सादात के दर्जनभर गांव का तहसील से संपर्क टूटा, पुल धराशाई होने का खतरा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद के नौगांवा सादात तहसील क्षेत्र में बान नदी ने विकराल रूप धारण कर लिया है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण करार नगर-बस्तापुर मार्ग पर स्थित पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है।इस खतरनाक स्थिति के चलते आसपास के दर्जनभर गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से पूरी तरह कट गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी की रफ्तार इतनी तेज है कि पुल के धराशाई होने का खतरा भी बना हुआ है।प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच चुकी है। लेकिन लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण राहत कार्यों में भी मुश्किलें आ रही हैं। ग्रामीणों ने जल्द समाधान की मांग की है। वहीं प्रशासन लोगों से सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है।फिलहाल, बान नदी के शांत होने और जलस्तर के घटने का इंतजार किया जा रहा है। अगर बारिश यूं ही जारी रही, तो जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। अधिकारियों के अनुसार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त राहत उपायों को लागू किया जाएगा।



