अमरोहा
गंगा का जलस्तर बढ़ा
अमरोहा के गंगानगर गांव के घरों में घुसा पानी, अमरोहा-बुलंदशहर पुल पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जिले के हसनपुर तहसील में गंगा नदी की बाढ़ से हालात गंभीर हो गए हैं। बाढ़ का पानी तटबंध के भीतर बसे गंगानगर गांव के घरों में घुस गया है।यह गांव एक टापू पर स्थित है और चारों ओर से पानी से घिरा हुआ है। इससे ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और पानी तटबंध के ऊपर से बह रहा है।पुल से गुजर रही पानी की तेज धारा खतरनाक है। फिर भी गंगानगर के ग्रामीण अपने घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं। 10 साल पहले भी जब बड़ी बाढ़ आई थी, तब प्रशासन को जबरदस्ती ग्रामीणों को निकालना पड़ा था।इस समय ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चुनौती पशुओं के लिए चारे की है। तटबंध के भीतर के खेत पानी में डूब गए हैं। प्रशासन ने पुल की सुरक्षा के लिए बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है।पुल पर पुलिस बल तैनात है। मजदूर लगातार मिट्टी के कट्टे डालकर पानी की तेज धार को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। गंगा का जलस्तर जिस तरह बढ़ रहा है, उससे गंगानगर गांव में स्थिति और बिगड़ सकती है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।



