अमरोहा
अमरोहा में नदी में डूबने से एक युवक की मौत
नहाने और मछली पकड़ने गए थे दो भाई, एक को ग्रामीणों ने बचाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद के थाना बछरायूं क्षेत्र के ग्राम ढ्यौटी में रविवार को एक दुखद घटना सामने आई। नदी में नहाने गए दो सगे भाई डूब गए। ग्रामीणों की मदद से एक भाई को बचा लिया गया, लेकिन दूसरे की मौत हो गई।गांव ढ्यौटी निवासी प्रीतम सिंह के दोनों बेटे सुबह नदी किनारे नहाने और बाढ़ के पानी में मछली पकड़ने गए थे। नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से दोनों डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने एक को सुरक्षित बाहर निकाला। लेकिन 30 वर्षीय नितिन की जान नहीं बचाई जा सकी।सूचना मिलते ही बछरायूं पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।इस घटना के बाद गांव में माहौल गमगीन है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस मामले में सर्किल सीओ अंजली कटारिया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।



