गोड्डा
गोड्डा: गांधी मैदान में गूंजे कदमों की ताल, 15 अगस्त की तैयारी शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाले भव्य समारोह की तैयारी आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गई। सुबह-सुबह गांधी मैदान में कदमों की थाप और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
सार्जेंट मेजर की कमान में परेड का अभ्यास शुरू हुआ, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट-गाइड के सदस्य पूरे अनुशासन के साथ शामिल हुए। सफेद वर्दी, तिरंगे की रिबन और सजी हुई पंक्तियों में चलते हुए बच्चे मानो स्वतंत्रता दिवस की झलक अभी से दिखा रहे हों। अभ्यास के दौरान सार्जेंट मेजर ने प्रतिभागियों को सही चाल, मोड़ और सलामी देने की तकनीक सिखाई। बच्चों ने पूरे जोश के साथ “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के उद्घोष लगाए।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी अभ्यास स्थल का निरीक्षण किया और कहा कि इस बार परेड को और भी आकर्षक और अनुशासित बनाने का प्रयास किया जाएगा। आने वाले दिनों में रोजाना सुबह नियमित अभ्यास होगा, जिसमें कदमताल के साथ-साथ बैंड पार्टी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी रिहर्सल की जाएगी। 15 अगस्त को गांधी मैदान में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में यह परेड स्वतंत्रता दिवस का मुख्य आकर्षण होगी।



