कर्माटांड़ में उपायुक्त की मौजूदगी में कैम्प कार्यालय, 39 लाभुकों की सुनी गई समस्याएं
Camp office in the presence of Deputy Commissioner in Karmatand, problems of 39 beneficiaries were heard

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। कर्माटांड़ प्रखंड सभागार में मंगलवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त जामताड़ा रवि आनंद की उपस्थिति में जिला प्रशासन के बैनर तले कैम्प कार्यालय का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, सिविल सर्जन आनंद मोहन सोरेन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निलेश कुमार तथा पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जामताड़ा के कार्यपालक अभियंता अनूप कुमार महतो सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से आए कुल 39 लाभुकों ने अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। इनमें मैया सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने, अबूवा आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित दिक्कतें, वृद्धा पेंशन व विकलांग पेंशन में विलंब, बिजली तार की खराबी, तथा सड़क निर्माण की समस्याएं प्रमुख रहीं। लाभुकों की समस्याएं सुनने के बाद उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर मौजूद आधे से अधिक लाभुकों की समस्याओं का समाधान वहीं पर ऑन द स्पॉट कर दिया गया। बाकी मामलों के लिए निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया। उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि कैम्प कार्यालय का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को जनता के करीब लाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी पात्र लाभुक को योजनाओं से वंचित न रखा जाए और लंबित मामलों में पारदर्शी प्रक्रिया के तहत शीघ्र निपटारा किया जाए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी लाभुकों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें आवेदन की सही प्रक्रिया समझाई। उपायुक्त ने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे योजनाओं का लाभ लेने के लिए सही दस्तावेज समय पर जमा करें, ताकि अनावश्यक देरी से बचा जा सके। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों ने उपायुक्त के इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि ऐसे कैम्प समय-समय पर आयोजित होते रहेंगे, जिससे प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी और कम होगी।


