बरेली
विधानसभा में उठी बरेली से विभिन्न शहरों की शुरू हो उड़ान करने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने बरेली एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू करने का मामला विधानसभा में उठाया है। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी और प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीच का शहर बरेली है। इतना ही नहीं नाथ नगरी प्रदेश का आठवां सबसे बड़ा नगर और भारत का 50 वां सबसे बड़ा शहर माना जाता है।
विधायक ने स्थानीय महत्व को बताते हुए कहा कि बरेली प्राचीन रुहेलखंड की राजधानी भी रही है। इसका ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। साथ ही यह मेडिकल, एजुकेशन और ट्रेडिंग का हब भी है। यहां पर स्थित एयरपोर्ट से कुछ शहरों के लिए उड़ानों का संचालन होता है, जो वर्तमान में अपर्याप्त हैं। डबल इंजन सरकार की नीतियों के कारण आज हवाई यात्रा सुगम हुई है। ऐसे में जनता की सुविधा का ख्याल करते हुए बरेली से जयपुर होते हुए अहमदाबाद, बरेली से लखनऊ होते हुए कोलकाता, बरेली से लखनऊ होते हुए वाराणसी, बरेली से बेंगलुरु तथा बरेली से चेन्नई होते हुए तिरुपति आदि स्थानों के लिए उड़ानों का संचालन जरूरी है। उन्होंने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए बरेली एयरपोर्ट से अन्य शहरों के लिए नियमित उड़ान संचालित की मांग की है।


