कर्माटांड़ में धूमधाम से निकाली गई तिरंगा यात्रा
Tiranga Yatra was taken out with great pomp in Karmatand

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
कर्माटांड़ प्रखण्ड क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा सरस्वती शिशु मंदिर से शुरू होकर सुभाष चौक होते हुए गणपत महतो चौक तक निकाली गई। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र मंडल ने किया। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक, कार्यकर्ता, महिलाएं और युवा उत्साहपूर्वक शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों के हाथों में तिरंगे लहरा रहे थे और पूरा माहौल देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” जैसे गगनभेदी नारों से कर्माटांड़ की गलियां गूंजती रहीं। यात्रा में शामिल लोग देशभक्ति के रंग में सराबोर दिखे। कई स्थानों पर लोगों ने फूल बरसाकर और मिठाई बांटकर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। भाजपा तिरंगा यात्रा के प्रभारी भाजपा नेता महेंद्र मंडल एवं प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र मंडल ने इस अवसर पर कहा कि तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि हमारे गौरव, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अपील की कि तिरंगे का सम्मान और एकता की भावना को सदैव बनाए रखें। यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई थी। यात्रा के समापन पर गणपत महतो चौक पर देशभक्ति गीतों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व इस भव्य तिरंगा यात्रा ने क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल और भी प्रगाढ़ कर दिया।


