विकास के वादों में डूबी अंकुर विहार डीएलएफ कॉलोनी।
भाजपा नेताओं सहित जनप्रतिनिधियों को कालोनी वासियों ने दिया स्नेह निमंत्रण

वी आई पी कीचड़ कटिंग के साथ मच्छर मेहमान नवाज़ी का भी इंतजाम।
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे अंकुर बिहार डी एल एफ कालोनी के लोग मूल भूत सुविधा न मिलने पर समस्याओं से तंग आकर नेताओं को एक खास तोहफा देने की तैयारी में है। ये है कालोनी में व्याप्त कीचड़ कटिंग ( मच्छर मेहमान नवाज़ी) का न्यौता _ हाँ आपने ठीक पढा। इस कालोनी में निवास करने वाले नागरिकों ने भाजपा के ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ताओं से लेकर सांसद तक सभी जनप्रतिनिधियों को स्नेह निमंत्रण देकर बुलाया है…. लेकिन फूलमाला पहनाने के लिए नहीं, बल्कि गंदे पानी और गडढो के बीच से विकास रथ गुजारने के लिए।
अंकुर बिहार डी एल एफ की गलिया ऐसी है कि मानो मिनी वेनेजुएला की बाढ हो, नालिया महीनों से बंद, सड़के गडढो में तब्दील और लोग कह रहे हैं नेताजी चुनावी मंच से उतरिए और हमारे गली मोहल्ले में रियलिटी शो करो ताकि अपने वादों की स्क्रिप्ट और हमारे हालात का मैचिंग देखा जा सके। स्थानीय युवाओं ने योजना बना ली है। जैसे ही नेता आएगे उनका स्वागत फूलमाला से नहीं बल्कि ( गडढा जल स्नान ) के छीटो से किया जाएगा। एक निवासी ने व्यंग्य के रूप में कहा हमारे यहां का ये वी आई पी टूर पैकेज पूरी तरह निशुल्क है। बस अपने जूते घर पर ही छोड़कर आइए, क्योंकि यहां पानी में ही पोलिश हो जाएगी।
कॉलोनी वासियों को उम्मीद है कि यह अनोखा स्वागत अभियान नेताओं और जनप्रतिनिधियों को याद दिला दे की विकास सिर्फ भाषणों में ही नहीं जमीन पर भी देखना चाहिए। हैरानी की बात यह है कि यह क्षेत्र लोनी नगर पालिका परिषद के अन्तर्गत आता है यहां से एक सभासद भी चुना गया है सबसे मजेदार बात यह है कि भाजपा महिला मोर्चे की जिला अध्यक्ष आरती मिश्रा भी इसी क्षेत्र मैं निवास करती है लोग तंज कसते है कि जब नेताओं का अपना घर ही इस हाल में हो तो बाकी इलाकों का खुद ही सोच लीजिए ।
अब कॉलोनी वासी चाहते हैं कि लोनी के नेता सिर्फ भाषण में स्वच्छ भारत का जिक्र न करें बल्कि अंकुर विहार डीएलएफ की सड़कों पर उतर कर सत्य का सामना करें , एक बुजुर्ग ने मुस्कुराते हुए कहा कि यह टूर पैकेज एक लिमिटेड टाइम पैकेज ऑफर है बरसात खत्म होते ही गंदा पानी सूख जाएगा फिर आपको कीचड़ और मच्छर का मजा नहीं आएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये वी आई पी टूर पैकेज में मच्छरों की सुविधा फ्री में उपलब्ध है जो 24 घंटे सेवा में उपलब्ध रहते हैं।


