मथुरा

शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग से किराएदार का सारा सामान जला

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। कोतवाली क्षेत्र के लुधियाना गली में उस समय हड़कंप मच गया जब एक मकान में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। गली में अचानक धुआं और लपटें उठते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, मकान में किराए पर रहने वाले जितेंद्र तोमर और अभिषेक तोमर ने बताया कि देर शाम बिजली के तारों में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय घर पर महिलाएं मौजूद थीं। आग लगते ही पूरे घर में घना धुआं फैल गया और अंधकार छा गया। महिलाओं ने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले घर में रखे गैस सिलेंडर को बाहर निकाला, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। कुछ ही देर में फायर कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो भारी जनहानि हो सकती थी। जितेंद्र तोमर ने बताया कि आग लगने से घर में रखा कीमती सामान, कपड़े और फर्नीचर जलकर राख हो गए हैं। फिलहाल नुकसान का सही आकलन किया जा रहा है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन बिजली के तारों में स्पार्किंग होती रहती है। लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि तारों की जांच कराई जाए ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि फायर ब्रिगेड और मोहल्लेवासियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, वरना स्थिति और भी भयावह हो सकती थी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button