सिंगरौली
आर्थिक संकट से जूझ रहे स्व सहायता समूहों ने किया मध्यान्ह भोजन का चुल्हा बंद हड़ताल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
सिंगरौली। प्रदेश समेत सिंगरौली जिले में मंगलवार से प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजनान्तर्गत मध्यान्ह भोजन व्यवस्था समेत सांझा चुल्हा कार्यक्रम भी ठप हो गया है। इस आशय की सूचना प्रांतीय महिला स्व सहायता समूह महासंघ की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती सरिता ओमप्रकाश सिंह बघेल के निर्देशानुसार सिंगरौली जिला प्रभारी श्रीमती सपना राकेश दुबे एवं जिलाध्यक्ष श्रीमती सुशीला बृजेन्द्र यादव ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर महोदय, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिंगरौली, जिला शिक्षा अधिकारी सिंगरौली को लिखित पत्र में दिया है।
पत्र में उल्लेख किया है कि पिछले चार महीने अप्रैल,जुन, जुलाई, अगस्त की राशि शासन द्वारा समूहों को अब तक नहीं मिली है। मजबूरी में किराना दुकानों से उधारी में सामान लेकर बच्चों को भोजन दिया जा रहा है। अब दुकानदार भी सामान देने से मना कर रहे हैं कि पिछला बकाया राशि जमा करो तभी सामान मिलेगा इस कारण मजबूरी में चुल्हा बंद करना पड़ रहा है।
प्रांतीय महिला स्व सहायता समूह महासंघ की संभागीय महामंत्री श्रीमती ललिता रामदास बैस ने बताया कि आर्थिक संकट ने हमें उस मोड़ पर ला कर खड़ा किया है कि जहां और अपनी जेब से खर्च उठाना असंभव हो गया है। इस कारण प्रदेश की स्व सहायता समूह की बहनों और पदाधिकारीयों की सामूहिक सहमति से निर्णय लिया गया है कि जब तक लंबित राशि समूहों के खाते में नहीं आती हैं तब तक किसी विद्यालय में मध्यान्ह भोजन तैयार नहीं किया जायेगा। यह निर्णय किसी नाराजगी का नहीं बल्कि हमारी मजबूरी एवं पीड़ा की अभिव्यक्ति है।



