बरेली

समिति करेगी नए सर्किल रेट से होगा 251 शत्रु संपत्तियों का मूल्यांकन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

बरेली। भारत सरकार जिलेभर की शत्रु संपत्तियों का मुद्रीकरण करेगी। इसके मद्देनजर शत्रु संपत्तियों का नए सर्किल रेट के अनुसार मूल्यांकन करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए जिला मूल्यांकन समिति गठित की गई है। इसमें एसडीएम, अधिशासी अभियंता लोनिवि और उप निबंधक शामिल किए गए हैं। समिति को अभिलेखों की जांच सहित 19 बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करके तीन दिन में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि रिपोर्ट लखनऊ भेजी जा सके।
शत्रु संपत्तियों के पर्यवेक्षक सुरेश कुमार तिवारी ने जिलाधिकारी पत्र भेज कर बरेली जिले में स्थित घोषित शत्रु संपत्तियों की नए सर्किल रेट के आधार पर जिला मूल्यांकन समिति की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। जनपद में घोषित शत्रु संपत्तियों का भारत सरकार के निर्देश पर मुद्रीकरण प्रस्तावित है। मुद्रीकरण के लिए संपत्तियों का 19 कॉलम के निर्धारित प्रारूप पर मूल्यांकन करना है। पर्यवेक्षक ने समिति की रिपोर्ट सहित अभिलेखों में वर्तमान खतौनी, राजस्व मानचित्र, नजरी नक्शा, संपत्ति के चारों कोने का अक्षांश एवं देशांतर, फोटोग्राफ अक्षांश एवं देशांतर, कब्जानामा, संयुक्त सर्वेक्षण रिपोर्ट और सर्किल रेट की लिस्ट भी मांगी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button