ललितपुर
गाय पर चाकू से हमला, युवक पर गंभीर आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र के नेहरू नगर इलाके में गौ माता पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता अकुंश राजवंश पुत्र मोहन लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 अगस्त 2025 की रात लगभग 8.30 बजे उन्हें मोहल्ले के लोगों से सूचना मिली कि उनके पड़ोसी शाहरूख पुत्र अनवर ने उनकी गाय पर चाकू से हमला कर दिया। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि शाहरूख ने गाय पर चाकू से बार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और बाद में उसके परिजनों ने भी धमकी दी। सूचना पर पहुंचे अकुंश ने बताया कि गाय रोज उनके घर के दरवाजे पर बंधी रहती है, उसी दौरान जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और मोहल्ले के लोग दहशत में आ गए। घायल गाय का उपचार कराया जा रहा है। पीडि़त ने पुलिस से आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावर को भी हिरासत में ले लिया है।
