अमरोहा
पुलिसकर्मी ने कैंटीन संचालक से मारपीट का मामला
अमरोहा एसपी ने पांच पुलिसकर्मियों पर की थी कार्रवाई, मामला पहुंचा कोर्ट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : पुलिसकर्मियों द्वारा कैंटीन संचालक और उनके बेटों से मारपीट का मामला न्यायालय पहुंच गया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सीओ सिटी से जांच रिपोर्ट मांगी है।घटना 8 अगस्त की रात की है। शकरपुर समसपुर गांव निवासी शम्शुद्दीन अपने बेटे शाकिब और शहादत के साथ कैंटीन पर थे। रात करीब 11 बजे एक कार से उतरे चार लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया। वे नशे में थे और महीना मांगने लगे।कहासुनी के बाद पुलिसकर्मियों ने शम्शुद्दीन और उनके बेटों की पिटाई शुरू कर दी। शहादत ने जब घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो उसे भी पीटा गया। करीब 15 मिनट तक हंगामा चला। पुलिसकर्मी तीनों को थाने ले गए। ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने तीनों को छोड़ दिया। मामले की शिकायत एसपी से की गई। सदर विधायक महबूब अली ने भी पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर नाराजगी जताई।एसपी ने कार्रवाई करते हुए कांस्टेबल राहुल भाटी समेत एक अन्य सिपाही को निलंबित किया। एसएसआई आकाश कुमार, सिपाही राहुल राणा और दीपक तोमर को लाइन हाजिर कर दिया गया। पीड़ित के बेटे साकिब ने न्यायालय में याचिका दायर की है। अधिवक्ता आरिफ मलिक के अनुसार, सीओ सिटी को 30 अगस्त तक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।




